Thursday, 22 July 2010
इन्साफ का बहलावा
Sunday, 11 July 2010
धूप सी ज़िन्दगी
महंगाई तो वाकई बढ़ गयी है. इतना ज्यादा की लोग दूर दराज़ के गाँव से सिर्फ 300 रूपए प्रति दिन पर दिल्ली की तपती धूप में खटने को आ पहुंचे. तेज़ धूप में बैठ कर भाषण सुनना, जगह जगह तालियाँ बजा देना और चीख चीख के नारे लगाने का काम बुरा नहीं है. पता नहीं मुद्दा क्या है, आखिर ये मंच पर सफ़ेद कपड़ों में खड़ा आदमी माइक देखते ही चिल्लाने क्यूँ लगता है. खैर इन सब से मुझे क्या मतलब रखना. बस ये शोर शराबा ख़त्म होते ही पैसे मिल जाएँ फिर गाँव पहुँच कर पड़ोसियों को बताऊंगा की राम लीला मैदान कितना बड़ा है. इंडिया गेट पास से कैसा दिखता है. धूप थोड़ी तेज़ ज़रूर है मगर यहाँ गाँव में रोज़गार गेरेंटी योजना से कहीं ज्यादा पैसा मिल रहा है. गेरेंटी योजना के मिलने वाले पैसो की कोई गेरेंटी नहीं है, कितनी मुश्किल होती है काम पाने के लिए 'जॉब कार्ड' बनवाने के लिए कितने धक्के खाने पड़ते हैं, कहीं से जोड़ जाड के सरकारी अफसर को घूस खिलानी पड़ती है. मगर यहाँ पैसे की पूरी गेरेंटी है. आखिर इन्हें अगली बार भी तो ज़रुरत पड़ेगी. उस तरफ पंडाल लगा तो है पर इस बात की हिदायत मिली है की मंच के सामने धूप में ही बैठना है. भूख भी लग रही है, खाना कब मिलेगा. खाना - एक वक़्त था जब हमारे घर में नए कपडे बनाने के लिए सोचना पड़ता था और आज खाने में क्या बनेगा इसके लिए सौ बार सोचना पड़ता है. मालिक की ज़मीन पर खून पसीना बहा कर भी क्या हाथ आता है ? दादागिरी सहो, ठण्ड में गलो, धूप में तपो और बारिश में घुलो. फिर भी मुट्ठी भर अनाज और सांसें मिलती हैं. खैर अब ये कौन आ गया...ओह्ह पार्टी के नए महा महिम ! अब ये कितना बोलेंगे. अभी तो इन्हें जूस पिलाया गया है, पता नहीं इनके जिस्म में जान क्यूँ नहीं होती, ओहदे के साथ-साथ वज़न बढ़ता जाता है और जान खत्म होती जाती है. बस सारी जान माइक पर ही दिखती है. अभी पीछे चक्कर खा कर गिर गए थे. ज़रा सी गर्मी बर्दाश्त नहीं होती चले हैं रैली करने. वैसे इन्हें कौन सा पहाड़ तोड़ना है, थोड़ी दूर चलेंगे फिर अपने ए.सी रथों पर चढ़ जायेंगे. यहाँ हर तरफ कितने कैमरे घूम रहे हैं. कहते हैं कैमरे वालों को भी पैसा मिलेगा. ये सब टीवी पर दिखेगा और इस रैली को बहुत फ़ायदा पहुंचेगा. एक बार अफसर बाबू बता रहे थे की टीवी पर परेशान लोगों को दिखाने से बहुत फ़ायदा होता है. तो ये कैमरे वाले कभी हमारे गाँव की तरफ क्यूँ नहीं आते. वहां तो लगभग सभी परेशान हैं. खैर मेरी परेशानी तो कुछ दिनों के लिए जाएगी. मेरे, जोरू के और कुंदन के मिला कर हुए 900. बस ये कुंदन के पैसे उस के हाथ पर ना रख दें, उड़ा आएगा कहीं. दिन भर घूमता रहेगा, लड़ाई झगड़ों में लगा रहेगा, ना जाने कहाँ से ये नया फितूर दिमाग में भर लिया है. कहता है पार्टी के लिए काम करके नेता बनेगा. अब इसे कौन समझाए नेता ऐसे नहीं बनते, हर जगह की तरह यहाँ भी जुगाड़ लगता है, नोट लगते हैं, सोचता है दो चार प्रदर्शनों में जा कर तीर मारेगा. गधे को इतना समझ नहीं आता की कार्यकर्ताओं को सिर्फ डंडे खाने के लिए आगे किया जाता है. यहाँ ही ना जाने कितने लड़के पोस्टर्स बाँट रहे हैं अब इनमें से थोड़ी ना कोई उन ए.सी रथों तक पहुँच पायेगा. मैं चाहता हूँ की मेरा बेटा मेरा कुंदन पढ़ लिख ले, किसी शीशे वाली चमचमाती बिल्डिंग में काम करे. ये जो मंच पर खड़े भाषण दे रहे हैं इन्हें क्या पता कोई कुंदन नाम का 18 साल का लड़का कितना निराश है. गाँव के स्कूल से आठवी की पर क्या फ़ायदा. कहता था बापू शहर जा कर पढूंगा, वो पता नहीं क्या बनना चाहता था, कहता था बड़े बड़े होटलों में काम करूंगा. सातवीं में था तब कोई बड़े-बड़े पढाई लिखाई करवाने वाले लोग अपने जिले में आये थे. बस उनकी बातों में आ गया. मैं गरीब आदमी खाने को पैसा नहीं कहाँ से लाता शहर भेजने के लिए पैसे. मंच पर बैठे सफ़ेद कुरते वाले नेताजी ने कई साल पहले कहा था हमारी सरकार आएगी तो आपकी तकदीर बदल जाएगी. इनकी सरकार आकर चली भी गयी पर मेरे लिए कहाँ कुछ बदला, मेरा बेटा ना जाने किस रास्ते पर जाने को खड़ा है. एक झोंपड़ा है उसमें भी बारिश में पानी टपकता है. आवास योजना के नाम पर आज तक फूटी-कौड़ी भी हाथ नहीं लगी. पैरों में छाले पड़ गए पर मेरी झोपडी तो आज भी तेज़ हवा से काँप उठती है. बड़ी मुश्किल से पेट काट कर पैसा जोड़ कर एक गाय खरीदी थी वो ठीक से चारा ना मिलने पर बीमार हो कर मर गयी. छोटी बिंदिया पैदा होने के 2 साल बाद ही निमोनिया से मर गयी. मेरी बिटिया बिंदिया हँसते हुए उसकी आँखें चमकती थीं. लोगों ने कहा बेटी है तुम्हे डुबो देगी पर मेरी गरीबी ने उसे डुबो दिया.
कितना बोलेंगे ये लोग ? खाना कब मिलेगा, सुबह से भूख से मर रहा हूँ, धानी और कुंदन भी भूखे होंगे. चलो लेकिन इतना तो है की 2 दिन ठीक से पेट भर कर खा पाएंगे. आधी भूख के साथ पतीले में लगी खुर्ची को नहीं देखना पड़ेगा.
भाड़ में जाए महंगाई! ये तो मध्यम वर्ग का दर्द है अपने को क्या.
(Edited version Published in Jansatta on 8th may 2010)
Sunday, 23 May 2010
मिडल क्लास की नोकीली नाक
निरुपमा या उसके जैसी अनगिनत लड़कियों कि मौत ने समाज के तीन चेहरों को सामने रखा है. पहला तो वो जो सीधा सीधा क़त्ल का विरोध करता है और व्यक्ति की स्वतंत्रता को एहमियत देता है, दूसरा वो जो खाप पंचायत की तरह अक्खड़ है और लड़कियों के चौखट लांगने पर मुह पर तकिया रख कर सांस रोक देने को सही मानता है. पर तीसरा चेहरा सबसे ज्यादा घिनोना है क्यूंकि ये वो लोग हैं जो अपनी बेटियों को इज्ज़त के नाम पर जान से मारने का हौसला तो नहीं रखते पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित ज़रूर करते हैं, ये वो चेहरा है जो समाज में खुद को शरीफ और नए ख्यालात वाला दिखाता है पर अपनी बेटियों और बहनों को ताले में बंद रखता है. यही वो समाज है जहाँ लड़की कि ज़बरदस्ती शादी कर दी जाती है. हिंदी फिल्मों का वो विलन जो बेटी के प्रेमी को गुंडों से पिटवाता है इस चेहरे से हुबहू मिलता है.
गैर बिरादरी में शादी करना. दूसरी ज़ात के शख्स से कोई ख़ास रिश्ता कायम करना हमारे समाज में गुनाह है. ख़ास कर तब जब ऐसा घर की बेटी करे. बेटी का boyfriend नाम के शख्स के लिए हमारे यहाँ कोई जगह नहीं होती. हाँ बेटे की girlfriend के घर पर फ़ोन आने की छूट ज़रूर होती है. हमारा मिडल क्लास हाई सोसाइटी के समकक्ष खड़े होने की होड़ में लगा हुआ है. वो भी शानदार पार्टियों में नाचना चाहता है, समाज की परवाह किये बिना मस्ती में हंसना चाहता है पर दूसरी तरफ अपने पड़ोसियों के आगे संस्कृति की दुहाई भी यही देता है. सामने वाले घर में अगर ऊँची आवाज़ में गाने बजे तो दरवाज़ा पीट कर तमीज भी अपना मिडल क्लास ही सिखाता है. ये बात और है कि अगर किसी कि नज़र ना पड़े तो अपने घर का कूड़ा दूसरों के घर के सामने फेंकने से इस नोकीली नाक वाले समाज को गुरेज़ नहीं होता. दो चेहरे तो आज हर शख्स के हैं लेकिन दो सभ्यताओं और दो मान्यताओं के बीच इस दोगले समाज की हालत थाली के बेंगन जैसी हो गयी है. रियालिटी शोज़ में टीवी पर थिरक रहे बच्चों को देख कर ये कभी मुस्कुराता है, कभी रोता है. किसी की जीत पर खुश तो किसी की हार पर उदास होता है लेकिन अपनी ही बेटी के 'डांस क्लासेस' ज्वाइन करने की जिद को सिरे से खारिज कर देता है.
एक मिडल क्लास परिवार में माँ बाप अपने बच्चों को पढ़ाते हैं, पालते हैं इस उम्मीद के साथ कि वो आगे चल कर उनका नाम रौशन करेंगे. उनकी मर्ज़ी से घर बसायेंगे, अगर बेटा है तो अच्छा दहेज़ लेंगे अगर बेटी है तो रुखसत कर के अपना फ़र्ज़ उतारेंगे. हमारे मिडल क्लास समाज में अच्छी औलादें नहीं होतीं. यहाँ अच्छा बेटा या अच्छी बेटी होती है. अच्छा बेटा वो है, जो नशा ना करे, सड़क पर मार पीट ना करे, पढाई करके अच्छी नौकरी करते हुए अपना घर बसाये, शादी के बाद बीवी की तरफ से ना बोले और माता पिता का साथ देते हुए कभी कभार बीवी को डांट फटकार भी लगाता रहे. लेकिन अच्छी बेटी बनने के लिए फेहरिस्त थोड़ी लम्बी है. सबसे पहले, अच्छी बेटियों का मतलब होता है जिसका कोई boyfriend ना हो. जो पढ़ाई करे co-education भी ले. पर लड़कों से ज्यादा बातचीत ना करे, अपने रिश्तेदारों के बीच गवांर ना लगे पर modern भी ना हो. जॉब करना चाहे तो करे पर शाम 6 बजे तक घर आजाये. घर का काम काज भी अच्छे से जानती हो, छुटी के दिन किचन में हाथ बंटाए. खाना अच्छा पकाए और अंग्रेजी भी अच्छी बोलती हो. शादी के बाद नौकरी का ख्याल दिल से निकाल कर अपनी सारी पढ़ाई और उपलब्धियों को भूल कर परिवार कि देख रेख में लग जाए. लेकिन हमे हमेशा वो नहीं मिलता जो हम चाहते हैं और नई पीढी ने हमेशा ही पुरानी पीढी को निराश ही किया है. तो फिर अगर बेटे ने किसी को पसंद किया और घर से दूर जा कर अपनी ज़िन्दगी बसा ली तो कुछ रोने-धोने, कुछ इमोशनल ब्लैक मेल के बाद बेटे के कारण बहु को आधे मन से ही सही अपना लिया जाता है. पर अगर बेटी ऊँची उड़ान भरने लगे, अगर बेटी प्यार मोहब्बत में पड़ जाए तो क्या करें ? इज्ज़त के नाम पर उसकी बलि चढ़ा दें ? हाँ. क्यूँ नहीं क्यूंकि इज्ज़त बड़ी मुश्किल से मिलती है, दुनिया में इज्ज़त कमाने में बरसों लग जाते हैं पर गवाने में एक पल लगता है. वैसे भी मिडल क्लास के पास इज्ज़त के अलावा और है भी क्या. असल में मिडल क्लास के पास आँख नहीं है कि वो बदलती दुनिया को देख सके, कान नहीं है कि मासूम ख्वाहिशों को सुन सके पर हाँ नाक ज़रूर है बेहद ऊँची और नुकीली. अगर किसी ने पंख फैला कर उड़ना चाहा तो इसी नुकीली नाक से उसके परों को काट दिया जाता है.
निरुपमा ने अपना जिला छोड़ते वक़्त आँखों में छोटे छोटे ना जाने कितने ख्वाब सजाये होंगे. सोचा होगा 'ज़िन्दगी में कुछ कर दिखाउंगी सबसे जीत जाउंगी' उसकी सहेलियां जिनके साथ बचपन में खेली उनमें से ज़्यादातर शादी के बंधन में बंध चुकी हैं या फिर किसी अच्छे रिश्ते के इंतज़ार में हैं. पर वो अलग थी कुछ करना चाहती थी आगे बढ़ना चाहती थी. सोचा था अपनी ज़िन्दगी को अपने हिसाब से जियेगी. माता पिता ने हमेशा ही उसका साथ दिया, पढाई के लिए कभी नहीं रोका. आगे बढ़ने के लिए रुकावट नहीं बने. उसके यहाँ लड़कियों को ज्यादा नहीं पढाया जाता पर पिता ने उसे दिल्ली भेजा, घर छोड़ते वक़्त मन में एक डर था पर आगे की ज़िन्दगी के ख्वाब उसे अपनी तरफ खींच रहे थे. उसके पिता का समाज में काफी रुतबा था देश की सबसे बड़ी university में उनकी बेटी का पढना उनके रुतबे में इजाफा करता. पर रुतबे को बढ़ाने वाला प्लान रुतबे को ले डूबने पर तुला था तो क्या करते. बेटी कि ज़िन्दगी रुतबे से ऊँची तो नहीं ही होती.
निरुपमा की मौत सिर्फ एक इंसान का क़त्ल नहीं है इस क़त्ल ने उस ख्वाब को ज़ख़्मी किया है जो बड़ी मुद्दतों के बाद लड़कियों ने देखना शुरू किया है.
( नवभारत टाईम्स में 19 मई को प्रकाशित )